नए अवतार में नजर आ सकती है कोलकाता की ऐतिहासिक ट्राम
कोलकाता, 01 सितंबर (हि. स.)। शहर की पहचान और ऐतिहासिक विरासत मानी जाने वाली कोलकाता की ट्राम सेवा अब नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आ सकती है। पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग ने ट्राम सेवा के आधुनिकीकरण के साथ-साथ राज्य की परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ऑस्ट्रेलिया के साथ तकनीकी और निवेश सहयोग की दिशा में पहल शुरू की है।
इसी क्रम में परिवहन विभाग में ऑस्ट्रेलिया के कॉन्सुल जनरल बर्नार्ड लिंच के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोलकाता सहित राज्य की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सबसे अधिक जोर कोलकाता की ऐतिहासिक ट्राम सेवा के पुनरुद्धार पर दिया गया। इस बात पर विचार किया गया कि नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं को शामिल करते हुए इस विरासतपूर्ण परिवहन सेवा को किस तरह नए स्वरूप में विकसित किया जा सकता है।
ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों ने पश्चिम बंगाल के परिवहन क्षेत्र में निवेश और तकनीकी सहयोग को लेकर भी रुचि दिखाई है। बैठक के दौरान उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न निविदा प्रक्रियाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया।
इस संभावित साझेदारी से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में कोलकाता की सड़कों पर आधुनिक तकनीक से लैस, अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल ट्राम सेवा देखने को मिल सकती है।
बैठक में परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह के साथ सीनियर इकोनॉमिक रिसर्च एंड विजिट्स ऑफिसर अनघा, कॉरपोरेट सर्विसेज मैनेजर राजीव घोष तथा सीनियर रिसर्च ऑफिसर एंजेलिना नायर भी मौजूद रहीं।
राज्य सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है— कोलकाता की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से परिवहन व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना। ट्राम के आधुनिकीकरण की यह पहल शहर की पुरानी पहचान को बनाए रखने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा दे सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

