मंत्री के मोहल्ले में ट्रांसफार्मर में लगी आग, संकरी सड़क बनी बाधा तो टोटो से घटनास्थल पहुंचे दमकलकर्मी
बीरभूम, 02 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चटर्जी के मोहल्ले में सोमवार बिजली के ट्रांसफार्मर के केबल में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरी सड़क के कारण दमकल की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। आखिरकार दमकलकर्मियों को टोटो से घटनास्थल तक जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बीरभूम जिले के सिउड़ी स्थित नुराईपाड़ा इलाके में मंत्री के मोहल्ले के एक बिजली ट्रांसफार्मर से लटक रहे केबल में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देखकर दमकल विभाग और बिजली विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर पहले ही उसे रुकना पड़ा। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण दमकल की गाड़ी आगे नहीं जा सकी। इसके बाद दमकलकर्मी गाड़ी छोड़कर टोटो से घटनास्थल पहुंचे। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने रेत डालकर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। मौके पर बिजली विभाग की टीम भी पहुंची।
दमकलकर्मी चंद्रनाथ दे ने बताया कि ट्रांसफार्मर के केबल में आग लगी थी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं, बिजली विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त केबल बदलने में जुट गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

