home page

घर में 82 वर्षीय बीमार मां, बेटे के तबादले के आदेश पर हाईकोर्ट ने केंद्र से 'मानवीय' दृष्टिकोण अपनाने को कहा

 | 
घर में 82 वर्षीय बीमार मां, बेटे के तबादले के आदेश पर हाईकोर्ट ने केंद्र से 'मानवीय' दृष्टिकोण अपनाने को कहा


कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। घर में 82 वर्ष की बीमार मां हैं और उनकी देखभाल के लिए एकमात्र बेटा ही सहारा है, लेकिन केंद्र सरकार के ऑर्डिनेंस बोर्ड में कार्यरत उस बेटे का ओडिशा तबादला कर दिया गया। संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद कोई राहत न मिलने पर कर्मचारी को मजबूरन कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामले की सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने तबादले के आदेश के संदर्भ में केंद्र सरकार को अधिक मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया है।

मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी. घुगे और न्यायमूर्ति सुप्रतिम भट्टाचार्य की खंडपीठ ने संबंधित अधिकारियों को इस मामले पर मानवीय पहलू से विचार कर अपना निर्णय बताने का आदेश दिया। अदालत में इस मामले की अगली सुनवाई गुरुवार को होगी, जिस दिन अधिकारियों को अपना पक्ष स्पष्ट करना होगा।

जानकारी के अनुसार, याचिकाकर्ता के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और 82 वर्षीय मां डिमेंशिया सहित कई जटिल बीमारियों से जूझ रही हैं।

वृद्धावस्था में उनकी देखभाल करने वाला बेटे के अलावा कोई नहीं है, क्योंकि बहू नौकरी के सिलसिले में बच्चों के साथ बाहर रहती हैं। मां की गंभीर शारीरिक स्थिति को देखते हुए उनके पास रहने के लिए कर्मचारी ने कोलकाता से ओडिशा तबादले के आदेश को रोकने हेतु आवश्यक चिकित्सा दस्तावेज और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के साथ आवेदन किया था। हालांकि, ऑर्डिनेंस बोर्ड के अधिकारी तबादले के फैसले पर अड़े रहे।

सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने दलील दी कि केंद्रीय सरकारी नौकरी के नियमों के अनुसार तबादला एक सामान्य और नियमित प्रक्रिया है तथा देशहित में कर्मचारियों को किसी भी हिस्से में काम करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में निर्धारित नियमों के तहत ही निर्णय लिया गया है और याचिकाकर्ता के आवेदन में माता-पिता के नाम से जुड़ी कुछ त्रुटियां भी हैं।

इस पर मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी. घुगे ने टिप्पणी करते हुए कहा, तबादला नौकरी का एक सामान्य हिस्सा है, ऐसा नहीं है कि अदालत इस कानून को नहीं जानती। लेकिन कुछ असाधारण परिस्थितियां होती हैं, जहां कानून की कठोरता के बजाय मानवीय दृष्टिकोण अदालत के लिए अधिक स्वीकार्य होता है। डिमेंशिया से पीड़ित 82 वर्षीय वृद्धा की देखभाल के लिए बेटे के अलावा कोई नहीं है। ऐसी स्थिति में अदालत को लगता है कि हस्तक्षेप करने की आवश्यकता है।

खंडपीठ ने दस्तावेजों में नाम की मामूली त्रुटि पर सवाल उठाते हुए कहा कि माता-पिता के नाम में साधारण गलती के कारण एक मानवीय आवेदन को क्यों रोका जाना चाहिए। मुख्य न्यायाधीश ने केंद्र के वकील से इस मामले पर मानवीय दृष्टिकोण से विचार करने को कहा। अदालत की इस टिप्पणी के बाद सरकारी वकील ने उच्च अधिकारियों से चर्चा करने के लिए समय मांगा, जिस पर खंडपीठ ने उन्हें आगामी गुरुवार को अपना रुख स्पष्ट करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा