home page

ट्रेन में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी

 | 
ट्रेन में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी


हुगली, 25 अप्रैल (हि.स.)। हुगली जिले के चुचुड़ा इलाके में शनिवार सुबह ट्रेन में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। डाउन बर्धमान लोकल ट्रेन का पहिया जाम (ब्रेक बाइंडिंग) हो जाने से ट्रेन बीच रास्ते में ही रुक गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, सुबह 7:09 बजे चुचुड़ा स्टेशन पहुंचने वाली डाउन बर्धमान लोकल, हुगली स्टेशन से निकलने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। पहिया जाम होने के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक रास्ते में खड़ी रही, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।

बाद में जब डाउन बैंडेल लोकल चुचुड़ा स्टेशन पर पहुंची, तो फंसे हुए यात्री उसमें सवार होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। हालांकि, यह ट्रेन भी निर्धारित समय से करीब 15 मिनट देरी से पहुंची, जिसके चलते यात्रियों को कुल मिलाकर लगभग एक घंटे की देरी झेलनी पड़ी।

गर्मी के मौसम में इस तरह की ट्रेन बाधा से यात्री खासे नाराज दिखे। रेलवे सूत्रों के अनुसार, बाद में खराबी को ठीक कर डाउन बर्धमान लोकल को भी हावड़ा की ओर रवाना कर दिया गया। पूर्व रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माजी ने कहा कि इस समस्या के कारणों की जांच की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय