home page

नाबालिगों की तस्करी की कोशिश नाकाम, सिलीगुड़ी में पुलिस ने किया रेस्क्यू

 | 
नाबालिगों की तस्करी की कोशिश नाकाम, सिलीगुड़ी में पुलिस ने किया रेस्क्यू


सिलीगुड़ी, 15 जुलाई (हि. स.)। मालदा से दो नाबालिगों को दक्षिण कोरिया में मॉडलिंग का झांसा देकर तस्करी करने की कोशिश को पुलिस ने मंगलवार रात नाकाम कर दिया। सिलीगुड़ी में न्यू जलपाईगुड़ी थाने की सक्रियता से दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों नाबालिग मालदा की निवासी है। सोशल मीडिया के जरिए कुछ लोगों से संपर्क के बाद उन्हें दक्षिण कोरिया में मॉडलिंग का मौका दिलाने का लालच दिया गया था। उन्हें भूटान सीमा के पास पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद वे तस्करों के कहने पर बस में सवार हो गई। इसी बीच, दोनों के लापता होने पर परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सूचना पाकर न्यू जलपाईगुड़ी थाने ने मंगलवार रात नौकाघाट इलाके में बसों की जांच शुरू की। बाद में जलपाईमोड़ इलाके में संदिग्ध बस को रोककर दोनों नाबालिकाओं को सुरक्षित उतार लिया गया और थाने लाया गया। तुरंत उनके परिवार को सूचना दी गई।

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा की इंग्लिशबाजार की पूर्व विधायक श्रीरूपा मित्रा चौधरी भी थाने पहुंची। उन्होंने पीड़िताओं से बात की और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की समय पर पहल से एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस तस्करी रैकेट से जुड़े लोगों की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार