आधुनिक ट्रैफिक मार्शल सेवा के साथ पर्यटकों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन सेवा शुरू
सिलीगुड़ी, 05 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के ट्रैफिक विभाग की पहल पर रविवार से अत्याधुनिक ट्रैफिक मार्शल सेवा शुरू की गई। इसके साथ ही पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए 24 घंटे की टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर भी लॉन्च किया गया।
इस नई व्यवस्था से शहर में यातायात को और बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में यह सेवा अहम भूमिका निभाएगी।
सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी स्थित मैनाक टूरिस्ट लॉज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पहले चरण में पांच ट्रैफिक मार्शल बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल का उद्घाटन राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने किया। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने कहा कि हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक सिलीगुड़ी आते है, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि 24x7 टूरिस्ट हेल्पलाइन के जरिए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और शिकायत मिलते ही संबंधित थाने को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

