फुटपाथ अतिक्रमण के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, कई बाइक चालकों पर जुर्माना
सिलीगुड़ी, 27 नवंबर (हि. स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी के सेवक रोड पर एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड की ओर से शुक्रवार को चलाए गए इस अभियान में फुटपाथ पर अवैध रूप से रखी गई बाइकों और दुकानों के सामान को हटाने का निर्देश दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सेवक रोड के कई स्थानों पर फुटपाथ पर बाइक पार्क करने और दुकानों का सामान रखने के कारण पैदल यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने की पहल की है। इस दौरान पुलिस ने फुटपाथ पर रखी बाइकों और दुकानों के सामान को हटाने का निर्देश दिया। वहीं, अवैध रूप से फुटपाथ पर बाइक पार्क करने के आरोप में कई बाइक चालकों पर जुर्माना भी लगाया गया।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से शहर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण रोकने और पैदल यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान जारी रखने की बात कही गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

