गंगारामपुर में ट्रैफिक प्रभारी का अनोखा रूप, खुद सड़क पर उतरकर की सफाई
दक्षिण दिनाजपुर, 14 जून (हि. स.)। आमतौर पर ट्रैफिक संभालते और सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते नजर आने वाले पुलिस अधिकारी का एक अलग मानवीय चेहरा रविवार को सामने आया। जिले के गंगारामपुर में ट्रैफिक प्रभारी प्रशांत दास ने खुद झाड़ू और कुदाल उठाकर सड़क पर सफाई अभियान चलाया।रविवार सुबह गंगारामपुर के व्यस्त चौपथी मोड़ इलाके में लोगों ने यह अनोखा दृश्य देखा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-512 के किनारे ट्रैफिक गार्ड कंट्रोल रूम के सामने जमा कचरे को ओसी प्रशांत दास ने खुद झाड़ू लगाकर साफ किया। इसके बाद उन्होंने कुदाल से सड़क के डिवाइडर के पास जमा मिट्टी और उगी हुई घास को भी हटाया।
उनकी इस पहल को देखकर ड्यूटी पर तैनात सिविक वालंटियर्स भी सफाई अभियान में शामिल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को इस तरह बिना किसी झिझक के सफाई करते देख स्थानीय लोग हैरान रह गए और कई लोग रुककर इस कार्य को देखते रहे।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उनकी इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि प्रशासन का ऐसा जिम्मेदार और प्रेरणादायक कदम शहर को साफ-सुथरा और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

