फुटपाथ पर कब्जा और अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
सिलीगुड़ी, 02 अगस्त (हि. स.)। शहर की व्यस्ततम हिल कार्ट रोड पर फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान फुटपाथ पर दुकान लगाकर कारोबार करने वाले कई दुकानदारों को चेतावनी दी गई। साथ ही फुटपाथ और सड़क पर रखे सामान को हटाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया।
वहीं, जांच के दौरान कई वाहन चालक निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने के बजाय दुकानों के सामने फुटपाथ पर ही वाहन खड़ा करते पाए गए। इसके कारण पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
पुलिस के अनुसार, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

