डूआर्स में बिहार के पर्यटक लापता, मूर्ति नदी में एनडीआरएफ का तलाश जारी
जलपाईगुड़ी, 24 जुलाई (हि. स.)। डुआर्स घूमने आए बिहार के एक पर्यटक के रहस्यमय तरीके से लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि वह मूर्ति नदी में उतरने के बाद लापता हो गए। उनकी तलाश में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने शुक्रवार सुबह से तलाशी अभियान चलाया शुरू किया है। यह घटना माटियाली ब्लॉक के दक्षिण धूपझोरा इलाके में मूर्ति नदी किनारे स्थित एक निजी रिसॉर्ट की है। लापता पर्यटक का नाम राजेश कुमार (38) है, जो बिहार के समस्तीपुर जिले के केसो निजामत क्षेत्र के निवासी हैं।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को बिहार की एक खाद (फर्टिलाइज़र) कंपनी के 66 लोगों का एक दल इस रिपोर्ट में घूमने आया था। आरोप है कि उसी रात राजेश कुमार कई बार रिसॉर्ट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। बाद में वह रिसॉर्ट के पीछे की सीढ़ियों से उतरकर मूर्ति नदी की ओर चले गए, जिसकी तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी पाकर रिसॉर्ट प्रबंधन ने तुरंत मेटेली थाने को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने भी अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। बेटे के लापता होने की खबर पाकर शुक्रवार सुबह उनके पिता सत्यनारायण सिंह रिसॉर्ट पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द बेटे को ढूंढ निकालने की मांग की है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से मूर्ति नदी में तलाशी अभियान लगातार जारी है, लेकिन शुक्रवार सुबह तक राजेश कुमार का कोई सुराग नहीं मिला है। जल का तेज बहाव को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

