नए ट्रैफिक नियमों से टोटो चालकों का रोजगार संकट में, किया प्रदर्शन
आसनसोल, 22 सितंबर (हि. स.)। टोटो परिचालन को लेकर लागू किए गए नए नियमों से आसनसोल के टोटो चालक मुश्किल में पड़ गए हैं। मंगलवार को सतईशा इलाके के टोटो चालकों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं सामने रखीं। चालकों का कहना है कि नए नियमों के कारण पिछले करीब सात दिनों से उनका कामकाज लगभग ठप है और बड़ी संख्या में टोटो खड़े हैं।
टोटो चालकों ने कहा कि वे किसी विशेष सुविधा या अतिरिक्त मांग की उम्मीद नहीं कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि जिस तरह पहले उन्हें अपने टोटो का परिचालन करने की अनुमति मिलती थी, उसी तरह दोबारा परिचालन की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि अचानक नियमों में बदलाव और परिचालन पर रोक से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
चालकों ने कहा कि टोटो चलाने वाले अधिकांश लोग आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं। रोजाना टोटो चलाकर होने वाली आमदनी से ही उनके परिवार का भरण-पोषण होता है। ऐसे में अगर टोटो का परिचालन बंद रहा तो उनके लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो जाएगा। चालकों ने प्रशासन और सरकार से उनकी समस्या पर तत्काल विचार करने की अपील की। उनका कहना है कि सरकार लगातार रोजगार बचाने और किसी को बेरोजगार नहीं होने देने की बात करती है। ऐसे में अचानक टोटो का परिचालन बंद होने से सैकड़ों नहीं, बल्कि हजारों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो सकती है।
टोटो चालकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए ऐसा रास्ता निकालेगा, जिससे नए नियमों का पालन भी हो और उनके रोजगार का संकट भी दूर हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

