मेयो रोड पर टीएमसीपी स्थापना दिवस को लेकर आमने-सामने दो गुट
कोलकाता, 17 अगस्त (हि. स.)। कालीघाट समर्थक तृणमूल कांग्रेस पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कलकत्ता उच्च न्यायालय पहुंच गया है। अब धर्मतला के उसी मेयो रोड पर तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) का स्थापना दिवस मनाने की अनुमति मांगते हुए ऋतव्रत बनर्जी समर्थक गुट ने भी पुलिस का रुख किया है। आगामी 28 अगस्त को टीएमसीपी का स्थापना दिवस है। इस दिन मेयो रोड पर सभा आयोजित करने की अनुमति मांगते हुए ऋतव्रत समर्थकों ने कोलकाता पुलिस को पत्र दिया है। पिछले कई वर्षों से टीएमसीपी का स्थापना दिवस इसी स्थान पर मनाया जाता रहा है।
हर वर्ष कोलकाता के मेयो रोड स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे टीएमसीपी के स्थापना दिवस की सभा आयोजित होती रही है। हालांकि इस बार राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस तीन हिस्सों में बंट गई है। एक गुट एनसीपीआई में शामिल हो गया है। दूसरा गुट विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतव्रत के नेतृत्व वाले शिविर के साथ है। वहीं, शेष हिस्सा कालीघाट शिविर के साथ बना हुआ है।
सोमवार को कालीघाट समर्थक गुट कलकत्ता उच्च न्यायालय पहुंचा। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में उनके अधिवक्ता ने बताया कि टीएमसीपी के स्थापना दिवस की सभा के लिए अनुमति मांगते हुए गत 27 जुलाई को पुलिस को पत्र दिया गया था। इसके बाद तीन अगस्त और सात अगस्त को भी पुलिस से इस संबंध में जानकारी मांगी गई थी। लेकिन पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी कारण कालीघाट समर्थक टीएमसीपी को मजबूर होकर अदालत का रुख करना पड़ा। अधिवक्ता ने मामले की तत्काल सुनवाई के लिए भी अदालत से अनुरोध किया।
इससे पहले 21 जुलाई को दिल्ली में एनसीपीआई ने अलग से कार्यक्रम आयोजित किया था। वहीं, कालीघाट तृणमूल और ऋतव्रत समर्थक तृणमूल ने कोलकाता में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम किए थे। अब टीएमसीपी के स्थापना दिवस का कार्यक्रम कौन सा गुट और कहां आयोजित करेगा, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
इसी बीच कालीघाट शिविर ने मेयो रोड पर कार्यक्रम के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया है। वहीं, ऋतव्रत समर्थकों ने भी इसी स्थान पर सभा की अनुमति मांगी है। इससे दोनों गुटों में टकराव की आशंका बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

