home page

तृणमूल कार्यकर्ता का क्षत-विक्षत शव मिला

 | 
तृणमूल कार्यकर्ता का क्षत-विक्षत शव मिला


उत्तर 24 परगना, 19 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। इस बीच मिनाखां इलाके में एक तृणमूल कार्यकर्ता का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मोशिउर काजी (38) के रूप में हुई है, जो हरोआ विधानसभा क्षेत्र के गांगनिया गांव के निवासी थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि वह तृणमूल कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता थे।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह झुझुर्गाछा गांव (सोनापुकुर-शंकरपुर ग्राम पंचायत) में सड़क किनारे एक शव पड़ा मिला। शव पर किसी धारदार हथियार से कई वार के निशान थे और चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत किया गया था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था।

सूचना पाकर हरोआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई ने स्थानीय मीडिया को बताया कि सुबह हमें खबर मिली। शव देखकर पता चला कि यह मेरे भाई का है। उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। इसके पीछे राजनीतिक दुश्मनी का इतिहास है। हमें न्याय चाहिए।

बशीरहाट पुलिस जिला के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मृतक का चेहरा इतना क्षत-विक्षत था कि पहली नजर में पहचान संभव नहीं थी। काफी देर बाद स्थानीय लोग उसकी पहचान कर सके।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश है या कोई पुरानी दुश्मनी।

परिजनों के अनुसार, मृतक बुधवार रात घर से काम के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह शव मिलने की खबर आई, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय