home page

आसनसोल : तृणमूल छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए 50 लोग

 | 
आसनसोल : तृणमूल छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए 50 लोग


आसनसोल : तृणमूल छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए 50 लोग


पश्चिम बर्दवान, 08 जून (हि.स.)।

आसनसोल की राजनीति में सोमवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला, जब वार्ड संख्या 46 और 47 के करीब 50 युवाओं ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। गिरजा मोड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सभी युवाओं का पार्टी में स्वागत किया गया।

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रसनजीत पुइतुंडी

आसनसोल दक्षिण विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष शाह आलम खान तथा पार्षद एस एम मुश्तफा मौजूद रहे। नेताओं ने पार्टी का झंडा देकर नए सदस्यों को कांग्रेस में शामिल कराया।

इस राजनीतिक बदलाव की अगुवाई कांग्रेस नेता दानिश इकबाल, विश्वनाथ राय, ओम प्रकाश राय और मोहम्मद सद्दाम ने की। इस अवसर पर पार्टी के अन्य कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित थे।

कांग्रेस में शामिल हुए युवाओं ने कहा कि वे बेरोजगारी, महंगाई और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों पर कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं। उनका आरोप था कि तृणमूल कांग्रेस में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जा रही थी, जबकि कांग्रेस युवाओं को सम्मान और काम करने का अवसर देती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रसनजीत पुइतुंडी ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार के कोई आरोप नहीं हैं और जिनकी छवि जनता के बीच साफ-सुथरी है, ऐसे लगभग 50 तृणमूल कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा के खिलाफ सबसे बड़े चेहरे के रूप में उभर रहे हैं और जमीनी स्तर पर कांग्रेस लगातार मजबूत हो रही है। श्री पुइतुंडी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की कथित जमीनी विफलताओं से निराश होकर ये युवा कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन युवाओं के जुड़ने से वार्ड 46 और 47 में कांग्रेस संगठन और मजबूत होगा।

शाह आलम ने कहा कि पुराने और नए कार्यकर्ता मिलकर आसनसोल में कांग्रेस को मजबूत बनाने का काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्यकर्ताओं को संगठन में सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के बड़े नेताओं ने जमीनी कार्यकर्ताओं का केवल इस्तेमाल किया, जबकि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं की छवि साफ है और उन्होंने हमेशा जनता के हित में काम किया है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा