home page

मुख्यमंत्री का दावा : तृणमूल दो सौ से अधिक सीटें जीतेगी

 | 
मुख्यमंत्री का दावा : तृणमूल दो सौ से अधिक सीटें जीतेगी


कोलकाता, 02 मई (हि. स.)।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस दो सौ से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने यह बात शनिवार को काउंटिंग एजेंटों के साथ हुई एक वर्चुअल बैठक में कही।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को मतगणना के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने एजेंटों से कहा कि अगर किसी सीट पर जीत का अंतर कम हो, तो वे पुनर्गणना की मांग करें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि चार मई को मतगणना के दिन जब तक वह स्वयं आधिकारिक रूप से जीत की घोषणा न करें, तब तक कोई भी एजेंट मतगणना केंद्र न छोड़े। साथ ही, चुनाव के दौरान जिन कार्यकर्ताओं पर हमले हुए, उन्हें बाद में पुरस्कृत करने की बात कही।

तृणमूल सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ममता और अभिषेक ने कहा कि एग्जिट पोल में भाजपा को आगे दिखाना “शेयर बाजार को प्रभावित करने की कोशिश” है। उन्होंने दावा किया कि 2021 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भी इसी तरह का रुझान दिखाया गया था।

बैठक में ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को “समझौता न करने वाली लड़ाई” के लिए बधाई दी और केंद्रीय बलों पर अत्याचार के आरोप भी दोहराए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, पार्टी उन्हें सम्मानित करेगी।

वहीं, अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा किसी भी स्थिति में सत्ता में नहीं आ रही है और इस बार तृणमूल कांग्रेस 2021 से भी अधिक सीटें हासिल करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय