तृणमूल नेता सुरजीत मंडल रंगदारी के आरोप में गिरफ्तार, पुलिस हिरासत की मांग के साथ अदालत में पेश
हुगली, 05 जुलाई (हि. स.)। हुगली जिले के चंडीतला थाना क्षेत्र में अवैध वसूली के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के नेता एवं पार्टी के हुगली जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष तथा पूर्व जिला परिषद सदस्य सुरजीत मंडल को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में चंडीतला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
सुरजीत मंडल की पत्नी अनिंदिता मंडल वर्तमान में हुगली जिला परिषद की सदस्य हैं। सुरजीत मंडल पहले भी जिला परिषद के सदस्य रह चुके हैं और तृणमूल कांग्रेस के हुगली जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में उनका अच्छा-खासा राजनीतिक प्रभाव माना जाता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रंगदारी के इस मामले के अलावा भी सुरजीत मंडल के खिलाफ कई अन्य शिकायतें दर्ज हैं। हालांकि, उन मामलों में न्यायिक प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है और अदालत में सुनवाई जारी है।
रविवार को पुलिस ने आरोपित को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की मांग करते हुए श्रीरामपुर अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

