श्रीरामपुर में सभा से एक दिन पहले थाने पहुंचे पूर्व विधायक असित मजूमदार
हुगली, 25 सितंबर (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस की प्रस्तावित सभा से एक दिन पहले शुक्रवार को हुगली के श्रीरामपुर सांगठनिक जिलाध्यक्ष और चुंचुड़ा के पूर्व विधायक असित मजूमदार श्रीरामपुर थाने पहुंचे। वे काला कोट पहनकर हाथ में कागजात लेकर थाने पहुंचे थे।
असित मजूमदार के अनुसार, उन्हें गुरुवार रात एक ई-मेल मिला था, जिसमें सभा को लेकर आठ सवालों के जवाब मांगे गए थे। उन्हीं सवालों का जवाब देने के लिए वह थाने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि वह पेशे से वकील हैं और यदि पुलिस या आईसी की ओर से सभा के संबंध में कोई कानूनी सवाल है, तो उसका जवाब देने के लिए ही वह काला कोट पहनकर आए हैं।
हालांकि, थाने पहुंचने के बाद उनकी श्रीरामपुर थाना प्रभारी (आईसी) से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने संबंधित कागजात थाने में जमा कराए और करीब 10 मिनट बाद वहां से निकल गए।
असित मजूमदार ने यह भी दावा किया कि हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार सभा के लिए 10 स्वयंसेवकों के नाम और मोबाइल नंबर की सूची पुलिस को दी गई थी। उनके मुताबिक, इस सूची में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने 26 सितंबर को श्रीरामपुर कोर्ट मैदान में सभा की सशर्त अनुमति दी है। अदालत के आदेश के मुताबिक सभा शाम चार से छह बजे तक होगी और इसमें अधिकतम एक हजार लोग शामिल हो सकेंगे। सभा के दौरान किसी तरह के भड़काऊ बयान और जीटी रोड पर जुलूस की अनुमति नहीं है। आयोजकों को 10 स्वयंसेवकों के नाम और मोबाइल नंबर भी पुलिस को देने का निर्देश दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

