नौकरी दिलाने के नाम पर आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप में तृणमूल नेता गिरफ्तार
हुगली, 30 अगस्त (हि. स.)। नौकरी दिलाने के नाम पर आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप में तृणमूल कांग्रेस नेता राजीव घोषाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राजीव को अभिषेक बनर्जी का करीबी नेता बताया जाता है। शनिवार को बांकुड़ा के बेलियातोड़ थाने की पुलिस ने उन्हें कोलकाता के दमदम इलाके से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें बेलियातोड़ थाने लाया गया और रविवार को अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2025 में कई नौकरी के इच्छुक लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर राजीव ने कथित तौर पर रुपये लिए थे। आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ठगी के शिकार लोगों ने राजीव के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह फरार थे।
रविवार को जब पुलिस उन्हें अदालत में पेश करने के लिए थाने से बाहर लेकर आई, तो वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की ओर से अंडे भी फेंके गए, हालांकि कोई अंडा राजीव को नहीं लगा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गई।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि नौकरी के नाम पर कथित धोखाधड़ी से हासिल रकम तृणमूल के शीर्ष स्तर के नेताओं तक भी पहुंचाई जाती थी। भाजपा नेताओं ने इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच और संबंधित नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस यह जांच कर रही है कि इस धोखाधड़ी में राजीव के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे। गिरफ्तारी को लेकर बांकुड़ा में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

