रेलवे की बेदखली कार्रवाई के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
सिलीगुड़ी, 10 अगस्त (हि. स.)। रेलवे की जमीन से हॉकर्स और छोटे व्यापारियों को हटाने के विरोध में सोमवार को दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस ने सिलीगुड़ी में विरोध मार्च निकाला गया। जिसके बाद एडीआरएम (असिस्टेंट डिविजनल रेलवे मैनेजर) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया।
तृणमूल नेताओं का आरोप है कि रेलवे की इस कार्रवाई से वर्षों से वहां व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले हॉकर्स और छोटे व्यापारियों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो गया है। इन्हीं के पुनर्वास की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान से शुरू हुए इस रैली में दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष कुंतल राय, सिलीगुड़ी नगर निगम के पूर्व मेयर गौतम देव, कई वार्ड पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रैली शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए एडीआरएम कार्यालय पहुंचा, जहां पार्टी प्रतिनिधियों ने रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष कुंतल राय ने कहा कि यदि रेलवे को अपनी जमीन खाली करानी है तो लंबे समय से वहां काम कर रहे लोगों के भविष्य को भी ध्यान में रखना होगा। उन्होंने मांग की कि बेदखल किए जा रहे हॉकर्स के लिए वैकल्पिक जगह और पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। पार्टी ने यह भी मांग की कि किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों के साथ बातचीत कर समाधान निकाला जाए, ताकि उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

