home page

रसोई गैस कीमत वृद्धि के खिलाफ रिषड़ा में तृणमूल कांग्रेस की रैली

 | 
रसोई गैस कीमत वृद्धि के खिलाफ रिषड़ा में तृणमूल कांग्रेस की रैली


हुगली, 09 मार्च (हि. स.)। रसोई गैस की हालिया कीमत वृद्धि के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता रविवार को हुगली जिले के रिषड़ा में सड़क पर उतर आए। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व रिषड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा ने किया।

इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के विभिन्न सहयोगी संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रिषड़ा के बागखाल से वेलिंगटन जूट मिल तक एक रैली निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शन में रिषड़ा नगरपालिका के वाइस चेयरमैन जाहिद हसन खान, सीआईसी तापस सर्केल, सीआईसी सुमन देवी, पार्षद उषा देवी साह, पार्षद सुख सागर मिश्रा उर्फ टीकू, पार्षद कौशिक मुखर्जी समेत तृणमूल कांग्रेस के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रैली के दौरान विजय सागर मिश्रा ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के माध्यम से रिषड़ा सहित पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच रसोई गैस की कीमतों में हालिया वृद्धि से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय