अभिषेक बनर्जी के सोशल मीडिया पेज पर तृणमूल नेता पर हमले का आरोप
कोलकाता, 26 अगस्त (हि. स.)। सातगछिया विधानसभा क्षेत्र के विष्णुपुर-1 ब्लॉक के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञानानंद सामंत पर कथित हमले की घटना को लेकर अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को फेसबुक पर पोस्ट के जरिए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा समर्थित बदमाशों ने ज्ञानानंद सामंत पर हमला किया और उनके साथ मारपीट की।
उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। पार्टी का आरोप है कि राजनीतिक वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से इस तरह की कथित हिंसक घटनाएं बंगाल की शांति, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक माहौल को प्रभावित कर रही हैं।
इस घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरोपितों के खिलाफ समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना की निंदा करते हुए मांग की है कि हमले में शामिल सभी आरोपितों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।
पार्टी की ओर से यह भी कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन हिंसा को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि, हमले को लेकर तृणमूल कांग्रेस की ओर से लगाए गए राजनीतिक आरोपों पर प्रशासन और भाजपा की तरफ से खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

