home page

चुनाव 26 : खड़गपुर एसडीओ कार्यालय में तृणमूल प्रत्याशियों का नामांकन

 | 
चुनाव 26 : खड़गपुर एसडीओ कार्यालय में तृणमूल प्रत्याशियों का नामांकन


खड़गपुर, 02 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने खड़गपुर एसडीओ कार्यालय में अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान कई स्थानों से निकाली गई भव्य रैलियों और जुलूसों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता-समर्थक शामिल हुए, जिससे पूरे इलाके में चुनावी उत्साह का माहौल दिखा।

खड़गपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार दीनेन राय ने समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन पत्र जमा किया। इस अवसर पर मेदिनीपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद जून मालिया सहित कई पार्टी नेता मौजूद रहे। नामांकन के बाद दीनेन राय ने कहा कि वे लोगों के समर्थन और विकास के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं।

इसी तरह केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार रामजीवन मांडी भी समर्थकों के साथ खड़गपुर एसडीओ कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ दांतन-एक ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष मणि शंकर मित्र, जिला महिला तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष मामनी मांडी तथा राज्य महिला तृणमूल नेतृत्व की सदस्य कल्पना शीत सहित कई नेता उपस्थित रहे। रामजीवन मंडी ने कहा कि वे जंगलमहल क्षेत्र के समग्र विकास और आम लोगों के हितों के लिए काम करेंगे।

वहीं, खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार प्रदीप सरकार ने भी विशाल रैली के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भी सांसद जून मालिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रदीप सरकार ने कहा कि वे जनता के समर्थन से क्षेत्र में विकास और बेहतर सेवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार प्रतिभा रानी माइती ने ढोल-नगाड़ों और पार्टी के झंडों के साथ निकले जुलूस के बाद अपना नामांकन पत्र जमा किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे काम करेंगी।

दांतन विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार मानिक माइती ने भी समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान दांतन-दो ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष इफ्तेखार अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा सबंग विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार तथा राज्य के मंत्री मानस रंजन भुइयां ने भी खड़गपुर एसडीओ कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और उसके बाद समर्थकों के साथ खड़गपुर पहुंचकर औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए समर्थकों की भारी भीड़ और रैलियों के कारण खड़गपुर में पूरे दिन चुनावी माहौल देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता