home page

सांसद मिताली बाग ने की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशंसा, बोलीं— ‘हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं’

 | 
सांसद मिताली बाग ने की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशंसा, बोलीं— ‘हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े हैं’


हुगली, 20 अगस्त (हि. स.)। आरामबाग महकमा में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आरामबाग पहुंचे। बाढ़ की स्थिति को लेकर आयोजित प्रशासनिक बैठक में आरामबाग की सांसद मिताली बाग समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद मिताली बाग ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर भी शुभेंदु अधिकारी हमेशा आम लोगों के साथ खड़े रहे हैं। अब राज्य के मुख्यमंत्री बनने के बाद भी जनता की समस्याओं और प्राकृतिक आपदाओं के समय वे उसी तरह लोगों के साथ खड़े होकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

मिताली बाग ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय मुख्यमंत्री की प्रत्यक्ष मौजूदगी से प्रशासन और आम लोगों के बीच भरोसा और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों तथा आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री के आरामबाग दौरे को लेकर गुरुवार को प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक सक्रियता देखी गई। बैठक में बाढ़ की मौजूदा स्थिति, अब तक की गई तैयारियों और आने वाले दिनों में संभावित परिस्थितियों से निपटने की रणनीति पर विशेष रूप से चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय