home page

हावड़ा में हमले के बाद तृणमूल नेतृत्व पर बरसे विधायक अरूप राय

 | 
हावड़ा में हमले के बाद तृणमूल नेतृत्व पर बरसे विधायक अरूप राय


कोलकाता, 01 जून (हि. स.)। हावड़ा उत्तर से तृणमूल कांग्रेस विधायक और राज्य के पूर्व मंत्री अरूप राय ने पार्टी नेतृत्व पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कार्यकर्ताओं से लेकर सांसद और विधायक तक हमलों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी सुध नहीं ले रहा है।

सोमवार को अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में अरूप राय ने कहा कि शनिवार को उनके घर पर हुए कथित हमले के बाद पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता ने फोन कर हालचाल तक नहीं पूछा। इससे उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हावड़ा के कासुंदिया फर्स्ट बाई लेन स्थित उनके घर के सामने एक गोदाम से सरकारी राहत सामग्री हटाई जा रही थी। उसी दौरान भाजपा समर्थकों ने वाहन को रोककर विरोध प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। इसके बाद उनके घर पर हमला भी किया गया।

पूर्व मंत्री ने बताया कि उन्होंने काफी पहले जिला प्रशासन से गोदाम में रखी राहत सामग्री हटाने का अनुरोध किया था। प्रशासन जब सामग्री हटाने पहुंचा, तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।

अरूप राय ने कहा कि केवल वही नहीं, बल्कि उदयनारायणपुर के तृणमूल विधायक समीर पांजा और सांसद कल्याण बनर्जी भी हमलों का सामना कर चुके हैं। विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं, लेकिन संगठन की ओर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले भी चुनावों में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है, लेकिन तब कार्यकर्ता और नेता पूरे आत्मविश्वास के साथ जनता के बीच काम करते थे। मौजूदा स्थिति पहले कभी नहीं देखी।

अरूप राय ने संकेत दिया कि वह भविष्य में पार्टी के कार्यक्रमों में भाग लेने को लेकर विचार करेंगे। साथ ही, शनिवार की घटना के संबंध में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की बात भी कही।

उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस ने दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले के विरोध में सोमवार को राज्यभर में विरोध कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया है। मंगलवार को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता