नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, तृणमूल पंचायत सदस्य गिरफ्तार
पूर्व मेदिनीपुर, 01 जून (हि.स.)। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में पूर्व मेदिनीपुर जिले के तमलुक स्थित उत्तर सोनामुई ग्राम पंचायत की वर्तमान सदस्य और पूर्व प्रधान काजल बेरा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तमलुक थाना पुलिस ने अदालत द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर रविवार रात उनके घर पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काजल बेरा के खिलाफ बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बड़ी रकम लेने और वादा पूरा नहीं करने का आरोप है। इस मामले में पहले से थाना में शिकायत दर्ज थी और मामला अदालत में विचाराधीन था। अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया है कि काजल बेरा के खिलाफ चेक बाउंस से जुड़े कई अन्य वित्तीय मामलों की भी शिकायतें दर्ज हैं। आरोप है कि उन्होंने सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर कई लोगों से पैसे लिए, लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली। बाद में पैसे लौटाने की मांग करने पर लोगों को टालमटोल किया गया और कई मामलों में दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
ग्राम पंचायत की वर्तमान सदस्य और पूर्व प्रधान की गिरफ्तारी से उत्तर सोनामुई क्षेत्र में काफी चर्चा है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की स्थानीय या जिला इकाई की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पुलिस ने बताया कि काजल बेरा को सोमवार को तमलुक महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

