home page

विधायकों की कम मौजूदगी, तृणमूल की बैठक स्थगित

 | 
विधायकों की कम मौजूदगी, तृणमूल की बैठक स्थगित


कोलकाता, 31 मई (हि. स.)। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर रविवार को बुलाई गई तृणमूल विधायक दल की बैठक में पर्याप्त संख्या में विधायक नहीं पहुंचने के कारण रद्द कर दी गई। बैठक का आह्वान तृणमूल विधायक दल के नेता शोभनदेव चटर्जी ने किया था।

नई विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के 80 विधायक हैं, लेकिन बैठक में केवल करीब 20 विधायक ही पहुंचे। आवश्यक कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक नहीं हो सकी।

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने बैठक रद्द होने के पीछे हालात को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि शनिवार को सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और विभिन्न इलाकों में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों तथा गिरफ्तारियों के कारण विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में व्यस्त थे। इसी वजह से कई विधायकों ने बैठक की तारीख बदलने का अनुरोध किया था।

हालांकि, बैठक रद्द होने के बावजूद करीब 20 विधायक ममता बनर्जी के आवास पर पहुंचे थे। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि पार्टी नेतृत्व को विधायकों की उपस्थिति का सही अनुमान था या नहीं।

बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी, विधायक मदन मित्र, रुकबानुर रहमान, अशोक देव, गुलशन मलिक, अब्दुल रहीम बख्शी और तोराफ हुसैन मंडल समेत कई विधायक मौजूद थे। वहीं एंटाली के विधायक संदीपन साहा, कसबा के विधायक जावेद खान और मेटियाबुरुज के विधायक अब्दुल खालेक मोल्ला सहित कई विधायक बैठक में नहीं पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता