पश्चिम मेदिनीपुर में तृणमूल का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल
पश्चिम मेदिनीपुर, 18 जून (हि. स.)। चुनावी हार के बाद पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने संगठन में बड़े बदलाव शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में पश्चिम मेदिनीपुर जिले में पार्टी के दो संगठनात्मक जिलों को खत्म कर एकीकृत जिला इकाई बनाने का निर्णय लिया गया है।
पार्टी की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, दोनों संगठनात्मक जिलों को मिलाकर फिर से पश्चिम मेदिनीपुर जिला तृणमूल कांग्रेस बनाया गया है। इस नई इकाई का अध्यक्ष वरिष्ठ नेता अजीत माइती को बनाया गया है, जिन्हें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी माना जाता है।
पहले घाटाल संगठनात्मक जिलाध्यक्ष अजीत माइती थे, जबकि मेदिनीपुर संगठनात्मक जिला की जिम्मेदारी सुजय हाजरा के पास थी। जमीन घोटाले के मामले में सुजय हाजरा की गिरफ्तारी के बाद संगठन में यह बड़ा बदलाव किया गया है।
साथ ही पार्टी ने प्रदीप सरकार को पश्चिम मेदिनीपुर जिला तृणमूल कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया था। लेकिन नियुक्ति के तुरंत बाद ही प्रदीप सरकार ने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी।
बुधवार को जारी एक प्रेसवार्ता में प्रदीप सरकार ने कहा कि इस नियुक्ति को लेकर उनसे कोई चर्चा नहीं की गई थी। उन्हें इसकी जानकारी पार्टी के फेसबुक पेज के जरिए मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पहले ही पार्टी नेतृत्व और सभानेत्री को पार्टी छोड़ने के अपने निर्णय की जानकारी दे चुके थे।
वहीं, गुरुवार को अजीत माइती ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि वह अस्वस्थ हैं और इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में सबंग के पूर्व विधायक मानस भुइयां के बाद अब प्रदीप सरकार के पार्टी छोड़ने से पश्चिम मेदिनीपुर में तृणमूल कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

