सिंगुर थाने का धेराव कर तृणमूल ने किया विरोध प्रदर्शन
आसनसोल, 29 अप्रैल (हि.स.)।
पार्टी कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर जबरन थाने ले जाने का आरोप लगाते हुए बेचाराम मन्ना के नेतृत्व में अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिंगूर थाना का घेराव कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। गत रात सिंगूर विधानसभा सीट से तृणमूल प्रत्याशी बेचाराम मन्ना थाना गेट के सामने जमीन पर बैठकर नारेबाजी, प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम चलाते रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में सिंगूर ब्लॉक के विभिन्न इलाकों से तृणमूल के क्षेत्रीय अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को उनके घरों से उठाकर थाने लाया जा रहा है और घंटों बैठाकर रखा जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों के खिलाफ थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं है, उन्हें भी हिरासत में लेकर परेशान किया जा रहा है।
आरोप है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष श्यामापद मंडल को रात में घर से उठाकर थाने में लाकर रोक कर रखा गया। बेचाराम मन्ना का कहना है कि भाजपा को जिताने के लिए केंद्रीय बल और पुलिस इस तरह की कार्रवाई कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, सिंगूर के बुड़िग्राम इलाके में तृणमूल कार्यकर्ता सनत कुमार धारा रात में अपने घर के सामने बैठे थे। आरोप है कि केंद्रीय बल और राज्य पुलिस ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सिंगूर ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

