home page

मेदिनीपुर और बीरभूम में तृणमूल नेताओं के इस्तीफे, अस्वस्थता बताई वजह

 | 
मेदिनीपुर और बीरभूम में तृणमूल नेताओं के इस्तीफे, अस्वस्थता बताई वजह


मेदिनीपुर, 07 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के इस्तीफे का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में पश्चिम मेदिनीपुर और बीरभूम जिलों में कई तृणमूल कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के शालबनी पंचायत समिति के अध्यक्ष नेपाल सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र मेदिनीपुर के एसडीओ को भेज दिया है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि अभी तक आधिकारिक रूप से इस्तीफा पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।

नेपाल सिंह ने इस्तीफे का कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को बताया। उनका कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने के कारण वे जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में असमर्थ महसूस कर रहे थे।

वहीं, बीरभूम जिले के सिउड़ी-दो ब्लॉक में तृणमूल संचालित तीन ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने भी शनिवार शाम को इस्तीफा दे दिया। इनमें बनसंख्या ग्राम पंचायत के प्रधान मोहम्मद बशीरुद्दीन, अविनाशपुर ग्राम पंचायत की प्रधान फूलमणि हाजरा और कोमा ग्राम पंचायत की प्रधान सुमित्रा टुडू शामिल हैं।

तीनों प्रधानों ने भी स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ने की बात कही है। अविनाशपुर पंचायत की प्रधान फूलमणि हाजरा ने कहा कि स्वास्थ्य समस्याओं के कारण पंचायत के कार्यों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रही थीं, इसलिए उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया।

इस घटनाक्रम पर भाजपा नेताओं ने दावा किया है कि अब लोग तृणमूल के साथ नहीं रहना चाहते। वहीं, तृणमूल जिला नेतृत्व का कहना है कि इस्तीफों के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता