home page

आसनसोल से 2029 में भाजपा का होगा सफाया, केंद्र से भी होगी विदाई : सांसद कल्याण बनर्जी

 | 
आसनसोल से 2029 में भाजपा का होगा सफाया, केंद्र से भी होगी विदाई : सांसद कल्याण बनर्जी


पश्चिम बर्दवान, 11 जुलाई (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस की ओर से शनिवार को आसनसोल के राहा लेन स्थित पार्टी कार्यालय में 21 जुलाई को कोलकाता में आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ता बैठक और संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद कल्याण बनर्जी, सांसद कीर्ति आजाद, पश्चिम बंगाल सरकार के पूर्व मंत्री मलय घटक, पूर्व विधायक हरे राम सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के साथ-साथ वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति, मतदाता सूची, संगठन और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि 21 जुलाई तृणमूल कांग्रेस के लिए भावनाओं से जुड़ा दिन है। कोलकाता में होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आसनसोल सहित पूरे पश्चिम बर्दवान से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि शनिवार की बैठक में इसी की तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कीर्ति आजाद ने दावा किया कि आज भी पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच महज लगभग 20 लाख वोटों का अंतर रहा। उनका आरोप था कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के जरिए करीब 90 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 25 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उनका आरोप था कि गरीब, मजदूर, मछुआरा समुदाय और महिलाओं के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है तथा सरकारी योजनाओं का लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। पार्टी इस पूरे मामले को गंभीरता से उठा रही है।

इस मौके पर सांसद कल्याण बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आसनसोल महकमे में तृणमूल कांग्रेस पूरी तरह संगठित है। पूरे आसनसोल क्षेत्र में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पार्टी छोड़कर चले गए हैं, लेकिन इससे तृणमूल कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। संगठन पहले भी मजबूत था और आगे भी मजबूत रहेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथित गुंडागर्दी के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे। उनका दावा था कि सुबह भाजपा समर्थकों ने राहा लेन स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर बैठक में बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन तृणमूल कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उसका विरोध किया और बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

कल्याण बनर्जी ने कहा कि वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के वोट प्रतिशत में बहुत अधिक अंतर नहीं था। उनके अनुसार तृणमूल कांग्रेस को लगभग 39 प्रतिशत और भाजपा को करीब 41 प्रतिशत वोट मिले। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर पार्टी के कई सवाल हैं, लेकिन यदि केवल वोट प्रतिशत को देखा जाए तो कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की मजबूती यह साबित करती है कि वर्ष 2029 तक आसनसोल उपमंडल से भाजपा का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि देशभर में भाजपा के खिलाफ माहौल बन चुका है और वर्ष 2029 में केंद्र में भी भाजपा की सरकार नहीं बनेगी तथा नरेंद्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है, विपक्ष की आवाज दबा रही है तथा विपक्षी दलों की राजनीतिक जमीन खत्म करने की कोशिश कर रही है। भाजपा का उद्देश्य विपक्ष को कमजोर कर अपनी पसंद के विधेयक संसद से पारित कराना है, लेकिन जनता भविष्य में इसका जवाब देगी।

कल्याण बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा की राजनीति पुलिस के सहारे चल रही है। पुलिस विपक्षी कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है, पार्टी कार्यालयों पर दबाव बनाया जा रहा है और प्रशासनिक शक्ति का दुरुपयोग हो रहा है।

उन्होंने शुभेंदु अधिकारी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के बाद जिन विधायक और सांसदों ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टी का दामन थामा, उन्होंने ममता बनर्जी और पार्टी के साथ गद्दारी की है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेता आज अपने-अपने क्षेत्रों में जाने से भी बच रहे हैं। वे न तो कोई जनसभा कर पा रहे हैं और न ही कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि वे जनता और अपने पुराने कार्यकर्ताओं से पूरी तरह कट चुके हैं। उन्होंने कहा कि गद्दारों के जाने से तृणमूल कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं हुआ है और न ही भविष्य में होगा।

संवाददाता सम्मेलन में बनर्जी ने कहा कि भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा हो रही है, जबकि बाहर से आए लोगों को अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं से अपनी राजनीतिक जमीन नहीं छोड़ने, संघर्ष जारी रखने और वर्षों की मेहनत को व्यर्थ नहीं जाने देने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई कार्यकर्ता पहले ही तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा