तृणमूल विधायक दिलीप मंडल के घर पुलिस की छापेमारी, केंद्रीय बल भी तैनात
दक्षिण 24 परगना, 14 मई (हि. स.)। जिले के विष्णुपुर से तृणमूल कांग्रेस विधायक दिलीप मंडल के घर गुरुवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की। विष्णुपुर थाने की पुलिस टीम विधायक के पैलान स्थित आवास पर पहुंची। पुलिस के साथ केंद्रीय बल के जवान भी घर के बाहर तैनात रहे।
हाल ही में दिलीप मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, हालांकि उसकी सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोप है कि उस वीडियो में विधायक ने विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी भरे अंदाज में संबोधित किया था। इसी मामले को लेकर विधायक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उसी शिकायत के आधार पर गुरुवार सुबह पुलिस ने विधायक के घर पर कार्रवाई की। हालांकि छापेमारी के समय दिलीप मंडल घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस अधिकारियों ने सुसज्जित आवास के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय तक तलाशी अभियान चलाया और कई संभावित दस्तावेजों व अन्य सामग्रियों की जांच की। जांच अधिकारी घर के अलग-अलग हिस्सों से जानकारी और साक्ष्य जुटाने में लगे रहे।
हालांकि पुलिस किन विशेष तथ्यों या सामग्रियों की तलाश कर रही थी, इस बारे में अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

