home page

सरकार के खिलाफ कुप्रचार करने वालों को जल्द सामने लाया जाएगा : मंत्री भास्कर भट्टाचार्य

 | 
सरकार के खिलाफ कुप्रचार करने वालों को जल्द सामने लाया जाएगा : मंत्री भास्कर भट्टाचार्य


हुगली, 14 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के पीएचई और श्रम विभाग के राज्य मंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल के कुछ नेता ‘मेघनाद’ की तरह छिपकर श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र में सरकार के खिलाफ कुप्रचार करने की कोशिश कर रहे हैं।

मंत्री ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “कुछ तृणमूल नेता मेघनाद बनकर हमारी सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार की कोशिश कर रहे हैं श्रीरामपुर विधानसभा में। मेघ की आड़ से बाहर किया जाएगा।”

उन्होंने आगे चेतावनी भरे अंदाज में कहा, “मेरी भद्रता को कमजोरी समझने की भूल करने पर विपद हो सकती है। बहुत जल्द व्यवस्था हो जाएगी। सावधान।”

मंत्री के इस बयान के बाद श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, भास्कर भट्टाचार्य ने अपने पोस्ट में किसी नेता का नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया है।

मंत्री के ‘मेघनाद’ और ‘मेघ की आड़’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर भी राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, ‘बहुत जल्द व्यवस्था हो जाएगी’ और ‘सावधान’ जैसे शब्दों को लेकर भी स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

हालांकि, मंत्री ने अपने पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि सरकार के खिलाफ कथित कुप्रचार किस मुद्दे को लेकर किया जा रहा है और इसके पीछे कौन-कौन से नेता हैं। अब उनके अगले कदम पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय