home page

भागीरथी नदी से तृणमूल नेता के पति का शव बरामद, इलाके में सनसनी

 | 
भागीरथी नदी से तृणमूल नेता के पति का शव बरामद, इलाके में सनसनी


मुर्शिदाबाद, 27 अप्रैल (हि. स.)। जिले के लालगोला इलाके में भागीरथी नदी से एक तृणमूल कांग्रेस नेता के पति का शव बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई है। परिजनों ने हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे रघुनाथगंज के बैकुंठपुर इलाके में भागीरथी नदी से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान लालगोला ब्लॉक की तृणमूल नेता हसीन बानो बीबी के पति नजीर शेख (49) के रूप में हुई।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, नजीर शेख रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे लालगोला थाना के फकीरपाड़ा स्थित अपने घर से निकले थे। परिजनों का कहना है कि वह आमतौर पर साइकिल से बाहर जाते थे, लेकिन उस दिन वह पैदल ही निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। रात करीब 8:40 बजे रघुनाथगंज इलाके के एक सीसीटीवी फुटेज में उन्हें देखा गया।

सोमवार सुबह बैकुंठपुर इलाके में स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बाद में परिजनों ने शव की पहचान की। मृतक के बेटे नदीम शेख ने आरोप लगाया कि उनके पिता की गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में शव को नदी में फेंक दिया गया।

परिवार का कहना है कि नजीर शेख समाजसेवी कार्यों में सक्रिय थे और क्षेत्र में किसी भी विवाद की स्थिति में सुलह-समझौते में भी शामिल रहते थे। इसी कारण किसी से पुरानी रंजिश होने की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा है या हत्या, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय