home page

नकुंडा पंचायत में तृणमूल कार्यकर्ता की मौत से हड़कंप

 | 
नकुंडा पंचायत में तृणमूल कार्यकर्ता की मौत से हड़कंप


हुगली, 10 मई (हि. स.)। हुगली जिले के गोघाट इलाके में एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सहदेव बाग (50) के रूप में हुई है। वह नकुंडा ग्राम पंचायत की सदस्य चायना बाग के पति थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह गोघाट के नकुंडा पंचायत अंतर्गत कोटा गांव में सहदेव बाग का रक्तरंजित शव मिला। बताया गया है कि शनिवार शाम वह चाय पीने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। बाद में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय के पीछे नाले के पास उनका शव बरामद किया गया। शव के चेहरे और माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

मृतक की पत्नी और पंचायत सदस्य चायना बाग ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित बदमाश पिछले कुछ दिनों से उनके पति को लगातार धमकी दे रहे थे और उन्हीं लोगों ने हत्या की है।

दूसरी ओर, भाजपा नेताओं ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी के कारण यह घटना हुई है।

घटना को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय