आरामबाग में हथियार बरामदगी मामले में तृणमूल नेता शेख राकेश अली गिरफ्तार
हुगली, 24 मई (हि. स.)। आरामबाग बस स्टैंड इलाके में स्थित एक पार्टी कार्यालय से हथियार बरामद होने के मामले में तृणमूल कांग्रेस नेता शेख राकेश अली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरामबाग थाना पुलिस के अनुसार, शेख राकेश अली लंबे समय से इस मामले में आरोपित थे। मिली सूचना के आधार पर उन्हें कोलकाता से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान विभिन्न सबूत और जानकारी जुटाने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आरामबाग लाकर पूछताछ की गई। रविवार को आरोपित को आरामबाग महकमा अदालत में पेश किया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आरामबाग बस स्टैंड क्षेत्र के एक पार्टी कार्यालय से हथियार बरामद होने की घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस कई सुरागों के आधार पर लगातार छानबीन कर रही थी। पुलिस का दावा है कि उसी जांच के क्रम में यह गिरफ्तारी की गई है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच जारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

