home page

लापता तृणमूल कांग्रेस प्रधान का पैसे बांटने का वीडियो वायरल, पंचायत में मचा राजनीतिक बवाल

 | 
लापता तृणमूल कांग्रेस प्रधान का पैसे बांटने का वीडियो वायरल, पंचायत में मचा राजनीतिक बवाल


मालदा, 14 जुलाई (हि. स.)। जिले के उत्तर चंडीपुर ग्राम पंचायत की तृणमूल प्रधान अर्चना मंडल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अर्चना मंडल अपने ही पंचायत सदस्य नाजमा बीबी के पति मोस्तफा शेख को अपने हाथों से करीब चार लाख रुपये देती हुई दिखाई दे रही हैं। हालांकि इस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर तृणमूल के कई अन्य सदस्य भी मौजूद नजर आ रहे हैं।

वीडियो में मोस्तफा शेख यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि यह पैसा उन सदस्यों को अर्चना मंडल के समर्थन में बनाए रखने के लिए दिया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

गौरतलब है कि उत्तर चंडीपुर ग्राम पंचायत की प्रधान अर्चना मंडल पिछले लगभग दो महीने से लापता बताई जा रही हैं। उन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर धन के कथित गबन और बाढ़ राहत में अनियमितता समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों को लेकर मानिकचक भाजपा नेतृत्व ने लगातार विरोध जताया था।

शिकायतों के आधार पर मानिकचक ब्लॉक प्रशासन ने जांच भी शुरू कर दी है। जांच शुरू होने के बाद से ही अर्चना मंडल के लापता होने की बात सामने आई थी।

इसी बीच अब यह कथित वायरल वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा