भाजपा विधायक के सहयोगी के परिवार को धमकी, तृणमूल नेता गिरफ्तार
मेदिनीपुर, 11 जून (हि.स.)। भाजपा विधायक के निजी सहयोगी (पीए) के परिवार को कथित रूप से अपहरण की धमकी देने के आरोप में एक तृणमूल नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूर्व तृणमूल विधायक के करीबी बताए जाने वाले नेता के खिलाफ दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित का नाम पवित्र बेज है। वह महिषादल के पूर्व तृणमूल विधायक तिलक कुमार चक्रवर्ती का करीबी माना जाता है। आरोप है कि उसने महिषादल के वर्तमान भाजपा विधायक सुभाषचंद्र पांजा के निजी सहयोगी रामकृष्ण दास की पत्नी और बच्चों को अपहरण की धमकी दी थी।
रामकृष्ण दास ने इस संबंध में महिषादल थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपित पवित्र बेज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित को गुरुवार को हल्दिया महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
रामकृष्ण दास ने कहा कि पवित्र बेज ने उनकी पत्नी, बेटे और बेटी को अगवा करने की धमकी दी थी। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शिकायत के बाद पुलिस ने तुरंत कदम उठाया और आवश्यक कार्रवाई की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

