home page

पुराने आर्थिक भ्रष्टाचार मामले में तृणमूल नेता पीयूष पंडा गिरफ्तार

 | 
पुराने आर्थिक भ्रष्टाचार मामले में तृणमूल नेता पीयूष पंडा गिरफ्तार


पूर्व मेदिनीपुर, 01 सितंबर (हि. स.)। आर्थिक भ्रष्टाचार से जुड़े पुराने मामले में मेदिनीपुर के तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल पीयूष पंडा को मंगलवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीयूष कांथी संगठनात्मक जिले में तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर पोटाशपुर इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है।

पीयूष पंडा ने हाल ही में विधानसभा चुनाव के बाद घर से बाहर किए गए तृणमूल कार्यकर्ताओं को वापस घर पहुंचाने की मांग उठाई थी। उनका आरोप था कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पूर्व मेदिनीपुर में भाजपा के लोगों ने कई तृणमूल कार्यकर्ताओं को घर छोड़ने के लिए मजबूर किया है। इसी के विरोध में उन्होंने मंगलवार से आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि, अनशन शुरू होने से पहले ही मंगलवार सुबह पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पीयूष पंडा ने राज्य सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। पुलिस की गाड़ी में बैठते समय उन्होंने कहा कि अन्याय के सामने सिर नहीं झुकाऊंगा। भाजपा और पुलिस मिलकर मुझे डराने की कोशिश कर रहे हैं। ममता बनर्जी के साथ था, हूं और रहूंगा। मेरा आमरण अनशन भी जारी रहेगा।

पीयूष की गिरफ्तारी के बाद रामनगर के पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री अखिल गिरि ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के जो नेता संगठन के लिए काम करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है या डराया जा रहा है।

अखिल गिरि ने दावा किया कि पुलिस ने रात करीब दो बजे पीयूष पंडा को उनके घर से गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है और पुलिस-प्रशासन का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस के जरिए हिटलर राज चलाने की कोशिश की जा रही है।

दूसरी ओर, भाजपा नेताओं ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। यदि किसी ने भ्रष्टाचार किया है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता