home page

कोलकाता : दुष्कर्म के आरोप में तृणमूल विधायक परेश राम दास गिरफ्तार, हवाई अड्डे से भागते समय पकड़े गए

 | 
कोलकाता : दुष्कर्म के आरोप में तृणमूल विधायक परेश राम दास गिरफ्तार, हवाई अड्डे से भागते समय पकड़े गए


कोलकाता, 09 नवंबर (हि. स.)। दुष्कर्म सहित धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर आरोपों में घिरे पश्चिम बंगाल के विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के कैनिंग पश्चिम से विधायक परेश राम दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उन्हें उस वक्त दबोचा गया, जब वह कानूनी कार्रवाई और जांच से बचने के लिए मुंबई भागने की फिराक में थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बारुईपुर पुलिस जिले के विशेष कार्य बल ने खुफिया सूचना के आधार पर यह त्वरित कार्रवाई की। बारुईपुर पुलिस जिले की ओर से आधिकारिक तौर पर बताया गया है कि विधायक परेश राम दास के खिलाफ कैनिंग थाने में मुकदमा संख्या 561/2026 के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है जिसमें दुष्कर्म, जानबूझकर चोट पहुंचाना, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक धमकी जैसी गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। यह मुकदमा बीते पांच सितंबर को दर्ज किया गया था।

पुलिस का दावा है कि विपक्षी दल के विधायक लंबे समय से जांच प्रक्रिया से बच रहे थे और आखिरकार पुलिस के शिकंजे से बचने के लिए राज्य छोड़कर भागने का प्रयास कर रहे थे।

बारुईपुर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में चलाए गए इस गुप्त अभियान में बिधाननगर पुलिस ने भी पूरा सहयोग किया। दोनों पुलिस बलों के संयुक्त प्रयास से हवाई अड्डा परिसर में पुख्ता घेराबंदी कर विधायक को उड़ान भरने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मंगलवार को आरोपित विधायक को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए अलीपुर अदालत में पेश करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा