चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका : करीबी नेता खोकन मियां कांग्रेस में शामिल
कूचबिहार, 21 मार्च (हि. स.)। जिले में विधानसभा चुनाव 2026 से पहले तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के स्थापना काल से जुड़े वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रबीन्द्रनाथ घोष के करीबी माने-जाने वाले खोकन मियां ने शनिवार को पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस पार्टी नेतृत्व धीरज कुमार साहू और प्रदीप कुमार बलमुचू की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान खोकन मियां भावुक नजर आए और कई बार रो पड़े।
करीब 28 साल तक तृणमूल से जुड़े रहे खोकन मियां ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल अब पार्टी नहीं, एक कॉरपोरेट संस्था बन गई है। पुराने कार्यकर्ताओं को कोई सम्मान नहीं मिल रहा। उन्होंने टिकट बंटवारे पर भी नाराजगी जताई और कहा कि पुराने नेताओं की अनदेखी कर नए चेहरों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी अपमान के कारण उन्होंने पार्टी से नाता तोड़ने का फैसला लिया।
खोकन मियां पहले युवा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष और जिला परिषद के महत्वपूर्ण पदों पर भी रह चुके है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें कूचबिहार दक्षिण सीट से उम्मीदवार बना सकती है।
तृणमूल नेताओं का कहना है कि असंतोष होना स्वाभाविक है, लेकिन पार्टी के भीतर रहकर मुद्दों को सुलझाना चाहिए था।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

