home page

रिश्वतखोरी के आरोप में इस्लामपुर ग्राम पंचायत प्रधान के पति गिरफ्तार

 | 
रिश्वतखोरी के आरोप में इस्लामपुर ग्राम पंचायत प्रधान के पति गिरफ्तार


मुर्शिदाबाद, 27 मई (हि. स.)। जिले के इस्लामपुर ग्राम पंचायत की तृणमूल प्रधान हसीना नसरत के पति सोहेल राना को पुलिस ने मंगलवार रात रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस्लामपुर थाना पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोहेल राना रानीनगर के पूर्व विधायक सौमिक हुसैन के करीबी बताए जा रहे हैं। बुधवार को उसे मालदा जिला अदालत में पेश किया गया है।

उधर, 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम शमसुल हक है। उसे मंगलवार रात पुलिस ने पकड़ा। वह पुरातन मालदा ब्लॉक के मंगलबाड़ी पंचायत के जलंगा गांव का निवासी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के विरोध में गत दो अप्रैल को पुरातन मालदा के नारायणपुर बीएसएफ कैंप के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-12 को जाम किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे और करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस मामले में मालदा थाना की ओर से लगभग 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उसी मामले में शमसुल हक को मंगलवार देर रात नारायणपुर बीएसएफ कैंप इलाके से गिरफ्तार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता