गोघाट के तृणमूल नेता फरीद खान गिरफ्तार, रंगदारी और अवैध हथियार मामले में कार्रवाई
हुगली, 14 जुलाई (हि. स.)। रंगदारी, इलाके में अशांति फैलाने और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में गोघाट के प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता फरीद खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह गोघाट-दो पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष तथा पश्चिमपाड़ा क्षेत्र तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष थे। मंगलवार को आरामबाग महकमा अदालत में पेशी के दौरान फरीद खान ने मीडिया से कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 मई को गोघाट के पश्चिमपाड़ा के झरिया इलाके में फरीद खान के घर से कुछ ही दूरी पर देशी हथियार और बारूद से भरे बोरे बरामद किए गए थे। इस घटना के बाद से वह फरार चल रहे थे।
स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विधानसभा चुनाव के परिणाम प्रतिकूल होने की स्थिति में इलाके में हिंसा फैलाने के उद्देश्य से हथियार और विस्फोटक जमा किए गए थे। तभी से फरीद खान की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। आखिरकार गोघाट थाना पुलिस ने कोलकाता के दमदम इलाके से फरीद खान को गिरफ्तार कर लिया।
उल्लेखनीय है कि फरीद खान को आरामबाग की पूर्व सांसद अपरूपा पोद्दार तथा हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में गोघाट से तृणमूल उम्मीदवार रहे निर्मल माझी का करीबी माना जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

