बांकुड़ा में वोट के बाद तृणमूल नेता से मारपीट का आरोप
बांकुड़ा, 24 अप्रैल (हि. स.)। मतदान के अगले दिन तृणमूल नेता के साथ मारपीट करने का आरोप सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के जयपुर थाना क्षेत्र के शालतोड़ा इलाके की है। घायल जाकिर खान जयपुर पंचायत समिति के कर्माध्यक्ष पद पर हैं।
स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं के अनुसार, शुक्रवार सुबह जाकिर खान का कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि उन्हीं लोगों ने उनके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में उन्हें पहले जयपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें विष्णुपुर अस्पताल रेफर किया गया।
ब्लॉक तृणमूल नेतृत्व का आरोप है कि भाजपा समर्थकों ने जाकिर खान पर हमला किया। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि यह तृणमूल के अंदरूनी गुटबाजी का परिणाम है।
इधर, मतदान के दिन बीरभूम जिले के लाभपुर के काजीपाड़ा इलाके में भाजपा उम्मीदवार देवाशीष ओझा से मारपीट और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार रात को ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। शुक्रवार सुबह आरोपितों को बोलपुर उप-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया है। इस मामले में एक तृणमूल नेता का नाम भी शामिल बताया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

