home page

रंगदारी वसूली, मारपीट और जमीन हड़पने के आरोप में तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष गिरफ्तार

 | 
रंगदारी वसूली, मारपीट और जमीन हड़पने के आरोप में तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष गिरफ्तार


हुगली, 11 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के गोघाट-2 ब्लॉक अध्यक्ष सौमेन दिगार को पुलिस ने बुधवार रात उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ रंगदारी वसूली, मारपीट, धमकी देने और जमीन हड़पने समेत कई गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

गुरुवार को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सौमेन दिगार वर्तमान में गोघाट-2 ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर हैं। बताया जाता है कि वह आरामबाग संगठनात्मक जिले के तृणमूल अध्यक्ष रामेंदु सिंह राय के करीबी माने जाते हैं। उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं सहित कई गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि तृणमूल शासन के दौरान सौमेन दिगार और उनके समर्थकों ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था। भाजपा का दावा है कि विरोध करने वालों के साथ मारपीट की जाती थी और आम लोगों की जमीन जबरन अपने नाम कराने के भी कई आरोप उनके खिलाफ हैं।

इन्हीं शिकायतों और आरोपों के आधार पर गोघाट थाने की पुलिस ने बुधवार देर रात कार्रवाई करते हुए सौमेन दिगार को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उन्हें आरामबाग महकमा अदालत में पेश किया गया।

गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय