home page

पुरशुड़ा में तृणमूल उपप्रधान आजिम मलिक गिरफ्तार, अदालत ले जाते समय लगे ‘चोर-चोर’ के नारे

 | 
पुरशुड़ा में तृणमूल उपप्रधान आजिम मलिक गिरफ्तार, अदालत ले जाते समय लगे ‘चोर-चोर’ के नारे


हुगली, 11 जून (हि. स.)। जिले के पुरशुड़ा क्षेत्र स्थित श्रीरामपुर ग्राम पंचायत के तृणमूल कांग्रेस के उपप्रधान आजिम मलिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को जब पुलिस उन्हें अदालत में पेश करने के लिए ले जा रही थी, तब वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आजिम मलिक को पुरशुड़ा विधानसभा क्षेत्र का एक प्रभावशाली तृणमूल नेता माना जाता रहा है। उनके खिलाफ क्षेत्र में कथित रूप से लूटपाट, रंगदारी वसूली, धमकी देने और मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए जाते रहे हैं।

अदालत ले जाने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए ‘चोर-चोर’ के नारों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्थानीय भाजपा नेताओं ने दावा किया कि तृणमूल शासन के दौरान आरोपित नेता ने क्षेत्र में व्यापक भ्रष्टाचार और अनियमितताएं की हैं। उनका कहना था कि “जिसने जनता का हक लूटा है, उसे चोर कहना गलत नहीं है।”

घटना के दौरान अदालत परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस की विशेष निगरानी देखी गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय