home page

तृणमूल नेता पर पट्टा दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा

 | 
तृणमूल नेता पर पट्टा दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा


कूचबिहार, 6 जून (हि.स.)। फालाकाटा के बंशीधरपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता पर सरकारी जमीन का पट्टा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, तृणमूल के ब्लॉक स्तर के नेता दीपक राय ने करीब दो सौ से अधिक लोगों से प्रति व्यक्ति 15 हजार रुपये लिए। इस तरह कुल रकम लगभग 30 लाख रुपये तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद कई लोगों को आज तक कोई पट्टा नहीं मिला।शनिवार को नाराज ग्रामीणों ने आरोपी के घर का घेराव किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।‌ ग्रामीणों का कहना है कि “पैसे नहीं देते तो पट्टा कभी नहीं मिलता, इसलिए मजबूरी में भुगतान करना पड़ा।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते है। कुछ पीड़ितों ने यह भी दावा किया कि आरोपित ने ‘रोज वैली’ कंपनी के नाम पर भी उनसे पैसे लिए थे।वहीं, आरोपित फिलहाल फरार बताया जा रहा है। परिवार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश करार दिया है।फालाकाटा थाना के मुताबिक, पीड़ितों ने लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार