तृणमूल कांग्रेस की विदाई तय, अब ममता के हाथ में कुछ नहीं : दिलीप घोष
खड़गपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की विदाई अब तय है। मंगलवार सुबह खड़गपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है।
दिलीप घोष ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस के विदा होने का समय आ चुका है। अब ममता बनर्जी के हाथ में कुछ भी नहीं है। उनकी विदाई निश्चित है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लोग भय के माहौल में जी रहे हैं और मतदान के दौरान स्वतंत्र रूप से वोट नहीं दे पाते। घोष ने कहा कि यदि मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी केंद्रीय बलों को दी जाती है तो लोग निश्चिंत होकर मतदान करने जाएंगे।
उन्होंने कहा, “जब बूथ केंद्रीय बलों के नियंत्रण में होंगे, तब लोग शांति से मतदान करेंगे। यहां पुलिस गुंडों के साथ मिलकर लोगों को डराने का काम करती है।”
भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अब समाजविरोधी तत्वों के हाथों में चली गई है। उन्होंने कहा कि शोर मचाने से अब कोई लाभ नहीं होगा।
दिलीप घोष ने चुनाव आयोग और न्यायपालिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थाएं जनता के लिए न्याय सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “मैं चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं। यदि केंद्रीय बल बूथों की जिम्मेदारी संभालते हैं तो लोग शांतिपूर्वक मतदान कर सकेंगे।”
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

