home page

‘मामा-भांजा’ जोड़ी का शक्ति प्रदर्शन, तृणमूल उम्मीदवारों ने साथ मिलकर भरा नामांकन

 | 
‘मामा-भांजा’ जोड़ी का शक्ति प्रदर्शन, तृणमूल उम्मीदवारों ने साथ मिलकर भरा नामांकन


मालदा, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में चुनावी माहौल के बीच तृणमूल कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं की कथित ‘मामा-भांजा’ जोड़ी ने नामांकन के दिन दमदार शक्ति प्रदर्शन किया। चांचल एसडीओ कार्यालय में रतुआ और मालतीपुर सीट के उम्मीदवारों ने एक साथ नामांकन दाखिल किया।

रतुआ से तृणमूल उम्मीदवार समर मुखर्जी और मालतीपुर से अब्दुर रहीम बक्स़ी अपने-अपने इलाकों से विशाल रैलियों के साथ चांचल पहुंचे।

समर मुखर्जी गाड़ी में सवार होकर समर्थकों के साथ आए, जबकि अब्दुर रहीम बक्स़ी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। दोनों की रैलियां एक जगह मिलकर एक साथ एसडीओ कार्यालय तक पहुंचीं, जहां उन्होंने नामांकन पत्र जमा किया।

नामांकन के बाद दोनों नेताओं ने जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया।

उनका कहना था कि मालदा की राजनीति में यह जोड़ी आगे भी कायम रहेगी और इस बार भी जीत हमारी ही होगी।

समर मुखर्जी ने कहा कि रतुआ में हुए विकास कार्यों के आधार पर जनता उन्हें दोबारा जीत दिलाएगी। वहीं, अब्दुर रहीम बक्स़ी ने दावा किया कि तृणमूल का संगठन मालदा में बेहद मजबूत है और विकास के मुद्दे पर वे विपक्ष को हराने में सफल रहेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले इस तरह का संयुक्त शक्ति प्रदर्शन तृणमूल के आत्मविश्वास को दर्शाता है और मालदा में पार्टी की स्थिति को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार