कोलकाता की 11 सीटों पर तृणमूल की जीत तय : सुदीप बनर्जी
कोलकाता, 29 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इनमें से 11 सीटें कोलकाता में हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बनर्जी ने दावा किया है कि कोलकाता की सभी 11 सीटों पर उनकी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
बुधवार को सुदीप बनर्जी ने कहा कि इस बार भी कोलकाता की 11 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस की जीत होगी। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, जो निंदनीय है। सुदीप ने कहा कि वह कोलकाता से छह बार के सांसद हैं, लेकिन उन्होंने पहले कभी चुनाव आयोग की ऐसी भूमिका नहीं देखी, जहां उसे भाजपा की “बी टीम” की तरह काम करते देखा जा रहा हो।
उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी के समर्थक बहुत मजबूत हैं और तृणमूल निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी। सुदीप ने यह भी कहा कि गुजरात से आकर जो लोग बंगाल की सत्ता छीनने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें राज्य की जनता ने रोकने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि वे प्रार्थना करते हैं कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह सात मई को कोलकाता आकर देखें कि बंगाल में सरकार कैसे बनती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

