home page

तृणमूल नेता की गाड़ी रोककर भाजपा कार्यकर्ता ने पूछे सवाल, वीडियो वायरल

 | 
तृणमूल नेता की गाड़ी रोककर भाजपा कार्यकर्ता ने पूछे सवाल, वीडियो वायरल


दुर्गापुर, 25 सितंबर (हि. स.)। विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बर्दवान जिले में राजनीतिक गतिविधियों के बीच तृणमूल कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता राहुल बनर्जी और उनके साथियों को अंडाल-माधाईगंज रोड के आनंद मोड़ के पास नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की गाड़ी रोककर उनसे इलाके के विकास को लेकर सवाल करते देखा जा रहा है।

बताया गया कि गुरुवार को नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती इलाके में पहुंचे थे। इसी दौरान राहुल बनर्जी ने उनकी गाड़ी रोककर सवाल किया कि वे लंबे समय तक विधायक और पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे, इसके बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य क्यों नहीं हुए और सड़कों की हालत खराब क्यों है। इस पर नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि अब उनकी पार्टी सत्ता में नहीं है और जो नए विधायक चुने गए हैं, वे विकास का काम करेंगे।

इसी दौरान ऋषि मंडल नाम के एक युवक ने नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती से अपनी नौकरी चले जाने को लेकर सवाल किया।

ऋषि मंडल का आरोप है कि वह एक निजी कंपनी में काम करते थे और 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर भाजपा के समर्थन में कुछ पोस्ट किए थे। उनका आरोप है कि चुनाव के बाद नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के निर्देश पर उनकी नौकरी चली गई। हालांकि नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इस आरोप से इनकार किया।

इसके बाद नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती गाड़ी का दरवाजा बंद कर वहां से रवाना हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।

भाजपा कार्यकर्ता राहुल बनर्जी ने कहा कि नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती लंबे समय तक विधायक और पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे हैं। इसलिए उन्होंने इलाके की समस्याओं और विकास को लेकर उनसे सवाल किया था। उनका दावा है कि नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

वहीं, नौकरी जाने का आरोप लगाने वाले ऋषि मंडल के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले में नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा